पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह मुलाकात निर्धारित समय दोपहर 12 बजे हुई।इस दौरान, मुख्यमंत्री मान ने राष्ट्रपति मुर्मू को नौवें सिख गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब सरकार द्वारा आयोजित एक विशेष राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपा।
यह कार्यक्रम 18 से 25 नवंबर तक श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित किए जाएंगे।बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि शहीदी पर्व को समर्पित मुख्य कार्यक्रम श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि शहीदी पर्व को समर्पित कार्यक्रम लगभग पूरे महीने चलेंगे। मुख्य कार्यक्रम 18 नवंबर से 25 नवंबर, 2025 तक आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी पुष्टि की कि पंजाब सरकार ने इस ऐतिहासिक समारोह के लिए देश की सभी प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया है।राष्ट्रपति के अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी निमंत्रण भेजा गया है।प्रमुख धार्मिक नेताओं को भी आमंत्रित किया जा रहा है।यह आयोजन गुरु साहिब की अद्वितीय शहादत और ‘हिंद की चादर’ के रूप में उनके योगदान को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा


