बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही चक्रवाती प्रणाली अगले 24 घंटों में तूफान में बदल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में इसके गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोथा’ में बदलने की संभावना है। यह तूफान वर्तमान में पोर्ट ब्लेयर से लगभग 620 किमी और चेन्नई से 780 किमी दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है। IMD के अनुसार, एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 27 अक्तूबर से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को प्रभावित करेगा। उत्तराखंड में 27-29 अक्तूबर तक हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है। मोथा के कारण आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में 27 से 30 अक्तूबर तक भारी से अति भारी बारिश की आशंका है। इसे ध्यान में रखते हुए सेना को अलर्ट पर रखा गया है।मौसम विभाग के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली में अगले 3 दिनों में मौसम में बदलाव आने वाला है। 27 और 28 अक्तूबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण शाम या रात में हल्की बूंदाबांदी या बारिश की फुहारें पड़ सकती हैं, जबकि 29 अक्तूबर को मौसम आंशिक रूप से साफ रहेगा।


