महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में रविवार रात तनाव फैल गया। यहां मिलीवाड़ा इलाके में सड़क पर रंगोली के रूप में “आई लव मुहम्मद” लिखा दिखाई दिया। यह देखते ही कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। सोमवार सुबह जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, स्थानीय मुस्लिम युवकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
रविवार रात रंगीली रोड पर “आई लव मुहम्मद” रंगोली के रूप में लिखा मिला। सुबह तक इसका वीडियो वायरल हो गया। वायरल होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोग विरोध में उतर आए।
विरोध कर रहे युवकों ने अहिल्यानगर-संभाजी राजमार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने सड़क खाली कराई और हालात काबू में लिए।
यह मामला केवल अहिल्यानगर तक सीमित नहीं है। दरअसल, “आई लव मुहम्मद” अभियान कई राज्यों में विवाद का विषय बन चुका है। यह विवाद 4 सितंबर को कानपुर से शुरू हुआ था। बारावफात के जुलूस में रास्ते में “आई लव मुहम्मद” लिखा एक बैनर लगाया गया था। स्थानीय हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया और कहा कि यह जगह पारंपरिक तौर पर त्योहार के लिए इस्तेमाल होती है, ऐसे में इस तरह की नई परंपरा गलत है।
कानपुर से शुरू हुआ यह विवाद धीरे-धीरे अन्य जगहों तक पहुंच गया। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, तेलंगाना और महाराष्ट्र में इसको लेकर प्रदर्शन हुए। बरेली और नागपुर में झड़पें भी हुईं। वहीं उन्नाव, लखनऊ और हैदराबाद जैसे शहरों में बड़े पैमाने पर लोग विरोध में उतरे।


