तमिलनाडु के करूर में अभिनेता से नेता बने विजय की रैली के दौरान भगदड़ मच गई. करूर सरकारी अस्पताल के सूत्रों के अनुसार इस हादसे में 29 लोगों की मौत की आशंका है. कई लोग घायल भी हुए हैं. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं.
घटना के चलते विजय को अपना भाषण अस्थायी रूप से रोकना पड़ा क्योंकि भीड़ में कई लोग बेहोश हो गए थे. गंभीर भीड़भाड़ के कारण कई पार्टी कार्यकर्ता और बच्चे दबाव में आकर गिर पड़े और बेहोश हो गए. इस दौरान विजय ने मंच से लोगों से शांति बनाए रखने और एंबुलेंस के लिए रास्ता खाली करने की अपील कीस्थिति को देखते हुए डीएमके मंत्री सेंथिल बालाजी और करूर के जिला कलेक्टर तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया.
वहीं, मेडिकल टीमों को मौके पर तैनात किया गया और पानी की बोतलें भीड़ में बांटी गईं ताकि अस्वस्थ महसूस कर रहे लोगों को राहत दी जा सके.एमके स्टालिन ने एक्स पर लिखी पोस्टतमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक्स पर लिखा- ‘करूर से आ रही खबर चिंताजनक है. मैंने पूर्व मंत्री @V_Senthilbalaji, माननीय मंत्री @Subramanian_Ma, और जिला कलेक्टर को निर्देश दिया है कि वे भीड़ में बेहोश हुए और अस्पताल में भर्ती लोगों को तुरंत चिकित्सा सुविधा प्रदान करें.
मैंने पड़ोसी तिरुचिरापल्ली जिले के मंत्री @Anbil_Mahesh को भी युद्धस्तर पर सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा, मैंने एडीजीपी से वहां स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए त्वरित कार्रवाई करने के लिए बात की है. मैं जनता से डॉक्टरों और पुलिस के साथ सहयोग करने का अनुरोध करता हूं.।


