Monday, April 27, 2026

Google search engine
Homeनेशनलअमेरिका में बड़ा विमान हादसा: वॉशिंगटन डीसी में विमान और हेलीकॉप्टर की टक्कर,...

अमेरिका में बड़ा विमान हादसा: वॉशिंगटन डीसी में विमान और हेलीकॉप्टर की टक्कर, 18 की मौत; 4 लोग जिंदा बचाए गए

NRI SANJH JALANDHAR (30 JANUARY)

वॉशिंगटन डीसी में बुधवार(29 जनवरी) की रात एक बड़ा हवाई हादसा हो गया। एक यात्री विमान और सेना के हेलीकॉप्टर की टक्कर हो गई। दोनों सीधे पोटोमैक नदी में जा गिरे। विमान में 64 यात्री और 4 क्रू मेंबर थे, जबकि हेलीकॉप्टर में 3 लोग सवार थे। हादसे के बाद राहत बचाव अभियान जारी है। अब तक 18 शव बरामद किए जा चुके हैं। चार लोगों को जिंदा निकाला गया है। घटना रोनाल्ड रीगन एयरपोर्ट के पास हुई। राष्ट्रपति ट्रंप ने मामले पर संज्ञान लिया है और रेस्क्यू तेज करने के निर्देश दिए हैं।

कैसे हुआ हादसा?
इस हादसे में यूएस एयरलाइंस का सीआरजे700 बॉम्बार्डियर जेट और अमेरिकी सेना का ब्लैक हॉक (एच-60) हेलीकॉप्टर शामिल थे। सेना के अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर में 3 लोग सवार थे। अमेरिकी एयरलाइंस ने रात 9 बजे के बाद हादसे की पुष्टि की। अधिकारियों के मुताबिक, 8:50 बजे रीगन नेशनल एयरपोर्ट (डीसीए) के पास विमान क्रैश की कई कॉल्स आई थीं। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों को रोक दिया गया है। दोनों विमानों का मलबा पोटोमैक नदी में मिला है।

चार लोगों को बचाया गया जिंदा
एनबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के बाद पोटोमैक नदी से चार लोगों को जिंदा निकाला गया है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलीन लेविट ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हादसे की जानकारी दी गई है। ट्रंप खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रेसिडेंट ट्रंप ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की हैं। ट्रंप ने अफसरों को रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने का निर्देश दिए हैं। इस हादसे पर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने दुख जताया हैं। वेंस ने हादसे में मारे गए लोगों के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमें
सीएनएन के मुताबिक, पोटोमैक नदी में राहत और बचाव कार्य के लिए गोताखोरों को भेजा गया है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा है कि पानी में गिरे हुए लोगों की हालत गंभीर हो सकती है। वॉशिंगटन का तापमान इस समय लगभग शून्य डिग्री के आसपास है। ऐसे में पानी में गिरे लोगों को 20-30 मिनट के भीतर हाइपोथर्मिया हो सकता है। इसीलिए रेस्क्यू टीम तेजी से काम कर रही है। अब तक 18 शव बरामद किए जा चुके हैं। कई लोग अभी भी लापता हैं। रेस्क्यू टीम लापता लोगों को ढूंढ़ने की कोशिशों में जुटी है। 

सीनेट ने जताई संवेदना
कैनसस के सीनेटर रोजर मार्शल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘वॉशिंगटन डीसी जा रहे विमान की दुर्घटना की खबर मिली है। हम लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। हम हर यात्री और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, अमेरिकी एयरलाइंस का विमान जब रीगन नेशनल एयरपोर्ट के रनवे 33 पर उतरने वाला था, तभी उसकी टक्कर ब्लैक हॉक एच-60 हेलीकॉप्टर से हो गई। यह सीआरजे700 बॉम्बार्डियर विमान छोटी दूरी की उड़ानों के लिए डिजाइन किया गया था और इसमें 68 से 73 यात्रियों के बैठने की क्षमता थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments