दुनिया भर में बसती सिख संगतों के लिए पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है। लाहौर में 1947 के बंटवारे के बाद बंद पड़े ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब को लगभग 79 साल बाद रविवार को दोबारा संगतों के लिए खोल दिया गया है।‘गुरुद्वारा छेवीं पातशाही’** के फिर से खुलने से दुनिया भर की सिख संगतों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
लाहौर के टैंपल रोड स्थित इस गुरुद्वारा साहिब को फिर से खोलने के मौके पर पूरी सिख धार्मिक मर्यादा और परंपरा के अनुसार समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु शामिल हुए। रविवार को आयोजित इस विशेष समारोह में पाकिस्तानी पंजाब के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और ‘पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी’ (PSGPC) के प्रधान सरदार रमेश सिंह अरोड़ा, ‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड’ (ETPB) के सचिव नासिर मुश्ताक और कई अन्य उच्च अधिकारी भी मौजूद थे।


