NRI SANJH JALANDHAR (26 DECEMBER)
पंजाब के जालंधर में आज सुबह पुलिस और एक गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हुई। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर पर फायरिंग की। बदमाश के पैर में गोली लगी है।
फिलहाल जालंधर के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा मौके पर जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक जग्गू भगवानपुरिया के गुर्गे को पुलिस ने किसी मामले में पकड़ा था। आज उससे हथियार बरामद करना था। इसी वजह से पुलिस उसे लेकर जमशेद खास इलाके में गई थी।
अचानक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। खुद का बचाव करने के लिए पुलिस कर्मियों ने गैंगस्टर के पैर में गोली मार दी। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ़ से करीब 15 राउंड गोलियां चली हैं। घायल गैंगस्टर को पुलिस ने इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है।
कौन है जग्गू भगवनपुरिया:
दरअसल, जग्गू भगवानपुरिया गुरदासपुर के भगवानपुर गांव का रहने वाला है। पैदा हुआ तो माता-पिता ने नाम दिया जसप्रीत सिंह। कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी, लेकिन उसका मन लगा जुर्म की दुनिया में। जसप्रीत सिंह बड़ा हुआ तो जुर्म की दुनिया से जुड़ गया और फिर अपना नाम बदलकर उसने जग्गू भगवानपुरिया रख लिया।
अपने गांव के नाम भगवानपुर से अपना नाम जोड़कर गैंगस्टर की दुनिया में कदम रखा। गुरी नाम के पंजाब के ही एक गैंस्टर के साथ मिलकर उसने काम कर शुरू किया। छोटी-मोटी लूटपाट, मारपीट, वसूली जैसे कामों को करते हुए वो आगे बढ़ता गया। इसके बाद जग्गू ने पैसे लेकर हत्याएं करवानी शुरू की। जग्गू द्वारा इन वारदातों को अंजाम देने के बाद उसका तीसरा नाम सुपारी किलर पड़ा।
हथियारों की सप्लाई का सबसे बड़ा नेटवर्क बनाया
जग्गू भगवानपुरिया ने अपनी नेट वर्किंग भी शुरू कर दी थी। अब पंजाब के अलावा राजस्थान, मध्यप्रदेश तक भी जग्गू के कनेक्शन जुड़ने लगे थे। जग्गू का मकसद कम समय में अधिक पैसा कमाना था जिसके चलते उसने अपनी गैंग में कई शार्प शूटर को शामिल कर लिया वो पैसे के लिए किसी की भी हत्या करवा सकता था।
जग्गू भगवानपुरिया बॉर्डर पार से भी हथियार सप्लाई कर देश में लाने लगा और दूसरे गैंगस्टर्स को महंगे दामों में देने लगा। इस काम में उसे मोटी कमाई होती थी। नॉर्थ इंडिया में हथियारों की नेट वर्किंग का सबसे बड़ा कारोबार जग्गू भगवानपुरिया का ही है।


