Monday, June 1, 2026

Google search engine
Homeपंजाबबर्थडे पार्टी में गोलियां मारकर 3 की हत्या:इनमें जींद की युवती, दिल्ली...

बर्थडे पार्टी में गोलियां मारकर 3 की हत्या:इनमें जींद की युवती, दिल्ली के 2 युवक शामिल

NRI SANJH JALANDHAR (24 DECEMBER)

हरियाणा के पंचकूला में सोमवार तड़के 3 बजे होटल में बर्थडे पार्टी के दौरान पार्किंग में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। जिसमें नई स्कॉर्पियो कार में बैठे दिल्ली के 2 युवकों और जींद की युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीनों की उम्र 20 से 25 साल की थी।

तीनों पिंजौर में मोरनी रोड स्थित बुर्जकोटिया रोड पर एक होटल में रखी बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए आए थे। पुलिस के मुताबिक मरने वाले 2 युवक मामा-भांजा थे। उनमें से एक पर पहले से केस चल रहे थे। ऐसे में पुलिस इस घटना को गैंगवार से जोड़कर देख रही है।

वारदात के बाद से होटल मैनेजर और स्टाफ वहां से फरार हो गया। पुलिस आरोपियों के साथ उनकी भी तलाश कर रही है।

उधर, दोनों युवकों और युवती के शव पंचकूला के सेक्टर-6 अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। परिजनों से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। सिर्फ लड़की के परिजनों ने इतनी बात कही कि बेटी चंडीगढ़ में आइलेट्स की कोचिंग ले रही थी।

जीरकपुर के युवक ने रखी थी बर्थडे पार्टी जानकारी के अनुसार​​​​​ पंजाब में मोहाली जिले के जीरकपुर के रहने वाले ​​रोहित भारद्वाज ने अपने बर्थडे पर पंचकूला के पिंजौर स्थित होटल सल्तनत में पार्टी रखी थी। जिसमें उसने अपने 8-10 दोस्तों (लड़के और लड़कियां) को भी बुलाया था। होटल के भीतर बर्थडे पार्टी चल रही थी।

दूसरी कार से आए हमलावर, 15-16 राउंड फायरिंग की इसी दौरान रोहित के दिल्ली से आए दोस्त विनीत उर्फ विक्की व उसका भांजा तीर्थ और जींद के उचाना की युवती वंदना पार्किंग में स्कॉर्पियो कार में बैठे थे। इसी दौरान इटियोस कार में वहां हमलावर पहुंच गए। उन्होंने वहां पहुंचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 15 से 16 राउंड फायरिंग की गई। जिसमें विक्की, तीर्थ और वंदना की मौत हो गई। विक्की को 7 से 8 गोलियां लगीं।

होटल के बाहर पार्किंग में 3 लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही डीसीपी मुकेश मल्होत्रा, डीसीपी मनप्रीत सूदन, डीएसपी कालका और चौकी इंचार्ज अमरावती तुरंत मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक होटल का स्टाफ और मैनेजर मनील मोंगिया वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस पूरी घटना की जानकारी के लिए उनकी तलाश कर रही है।

इसके अलावा वहां के CCTV कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। होटल के मैनेजर और अन्य स्टाफ के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मृतक के दोस्तों, पार्टी में आए लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस पुलिस कमिश्नर हिमाद्री कौशिक, एसीपी अरविंद कंबोज, और क्राइम ब्रांच की टीम घटनास्थल पर मौजूद रही। मृतकों के दोस्तों और पार्टी में शामिल अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।

ढाई बजे तक चली थी पार्टी, गाड़ी में बैठने के दौरान फायरिंग मोहाली के जीरकपुर के रहने वाले आशीष ने पिंजौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। दोस्त रोहित का 22 दिसंबर को बर्थडे था। रोहित ने बर्थडे पार्टी के लिए उसके अलावा और कई दोस्तों को भी बुलाया था।

रोहित ने पहले पंचकूला के सेक्टर 5 में स्थित बेला विस्टा होटल पर बुलाया। यहां सभी अपनी-अपनी गाड़ियों में पहुंचे, लेकिन यहां पार्टी का वेन्यू बदलकर होटल सल्तनत हो गया। साढ़े 10 बजे वह होटल पहुंचे। रात ढाई बजे तक पार्टी चली।

इसके बाद सबसे पहले होटल से विनीत, तीर्थ और वंदनी निकले। जब वह गाड़ी में बैठने लगे तो तभी वहां पर 2 से 3 लड़कों ने फायरिंग कर दी। विनीत को बचाने के लिए तीर्थ आगे बढ़ा, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी गोलियां चलाई। फायरिंग में विनीत और तीर्थ के साथ वंदना को भी गोलियां लगी। इसके बाद हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। तीनों घायलों को अस्पताल लाए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशीष ने कहा कि आरोपियों पर कार्रवाई की जाए।

विक्की था टारगेट, इसीलिए पुलिस को गैंगवार का शक पुलिस की जांच में माना जा रहा है कि हमलावरों का टारगेट विक्की था। विक्की पर पहले भी कई केस दर्ज थे। पंचकूला के सेक्टर 20 थाने में भी उन पर एक केस चल रहा था। ऐसे में पुलिस को लग रहा है कि यह गैंगवार हो सकती है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments