NRI SANJH JALANDHAR (11 February)
पंजाब के प्राइवेट स्कूलों में पंजाबी पढ़ाना अनिवार्य है। लेकिन कैंब्रिज स्कूल में पंजाबी न पढ़ाए जाने को लेकर पंजाब सरकार के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कड़ा संज्ञान लिया है। जिसको लेकर कैंब्रिज स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में सरकार ने स्कूल प्रबंधन से पूछा है कि स्कूल में पंजाबी अनिवार्य विषय के तौर पर क्यों नहीं पढ़ाई जा रही।
नोटिस का जल्द से जल्द जवाब देने को कहा गया है।एजुकेशन विभाग की सोशल साइट पर नोटिस जारी करने की जानकारी भी दी गई है। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा है कि उनके ध्यान में आया है कि जालंधर स्थित कैंब्रिज स्कूल में छात्रों को पंजाबी विषय अनिवार्य विषय के रूप में नहीं पढ़ाया जा रहा है।

इस पर उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कैंब्रिज स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पंजाबी भाषा की गरिमा को बनाए रखने के लिए पूरी तरह से ईमानदार और प्रयासरत है और किसी भी कीमत पर पंजाबी भाषा का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बता दें राज्य के कानूनी और विधायी मामले विभाग द्वारा जारी अधिसूचना और पंजाबी और अन्य भाषाओं की शिक्षा पर पंजाब अधिनियम-2008 के अनुसार राज्य के प्रत्येक स्कूल के लिए पंजाबी पढ़ाना अनिवार्य कर दिया गया है। पहली से दसवीं कक्षा तक विषय राज्य के कुछ निजी स्कूलों द्वारा इस अधिनियम के उल्लंघन की लगातार शिकायतें मिल रही हैं।

राज्य के सभी निजी स्कूलों से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि पंजाबी विषय को अनिवार्य विषय के रूप में पढ़ाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निजी स्कूलों की जांच करने और उन स्कूलों की पहचान करने के निर्देश दिए जिनमें पंजाबी विषय अनिवार्य विषय के रूप में नहीं पढ़ाया जा रहा है।


