NRI SANJH JALANDHAR (11 February)
लुधियाना में कांग्रेस की कन्वेंशन में इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इसमें मुख्य रूप से पहुंच रहे हैं। नवजोत सिंह सिद्धू ने इस कन्वेंशन से पहले लगातार तीन पोस्ट शेयर किए हैं। इनमें उनके तेवर पहले से शांत दिख रहे हैं। इस कार्यक्रम में सभी की निगाहें लोकसभा चुनावों में पार्टी से अलग चलने के आरोप झेल रहे नवजोत सिंह सिद्धू पर हैं।

सिद्धू ने सोशल मीडिया X पर पहले पोस्ट में INC अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पंजाब में स्वागत किया है। जिसमें सिद्धू ने कहा – हम मल्लिकार्जुन खड़गे साहिब का स्वागत करते हैं, महान गुरुओं की पवित्र भूमि पर… कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता आज उनके मार्गदर्शन की आशा करता है और सबसे पुरानी पार्टी के सर्वोच्च कमांडर के रूप में उनकी इच्छा ही हमारी आज्ञा होगी।

वहीं, कुछ समय बाद उन्होंने दूसरी पोस्ट शेयर करते हुए विरोधियों को माफ करने की बात कही है। शायराना अंदाज में सिद्धू ने इस पोस्ट को शेयर किया है। सिद्धू ने कहा- दोस्त अहबाब ने हर सुलूक मेरी उम्मीद के खिलाफ किया। अब मैं इंतकाम लेता हूं, जाओ तुम्हें माफ किया।
अब, नवजोत सिंह सिद्धू की तरफ से तीसरी पोस्ट शेयर की गई है। जिसमें उन्होंने अपना एक पुराना वीडियो शेयर किया है और कांग्रेस सीनियर लीडर्स को निशाना बनाया है। सिद्धू ने इसमें कहा- 2002/2007 और 2017/2022 तक सरकार में 8000 से अधिक शीर्ष पद (प्रत्येक कार्यकाल में 4 हजार)… केवल 3% कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पास गया और बाकी प्रभावशाली बड़े विग अधिकारियों, विधायक रिश्तेदारों द्वारा हड़प लिया गया। जिनके पास नियुक्ति करने की प्रशासनिक शक्ति थी, उन्हें मेरा समर्पण, लुधियाना।
मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ मेरी आत्मा जुड़ी, जाऊं या ना जाऊं
वहीं, सिद्धू ने दो दिन पहले ही अपने इसी अकाउंट पर एक वीडियो इंटरव्यू शेयर किया। सिद्धू से जब इसमें कन्वेंशन में जाने की बात की गई तो उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे से उनकी आत्मा जुड़ी है। अगर कोई उन्हें बुलाएगा, इज्जत सम्मान देगा, तो वे जरूर जाएंगे। वह जाएं या ना जाएं, आत्मिक तौर से वह मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हैं।


