Tuesday, April 28, 2026

Google search engine
Homeपंजाबसाइबर अटैक के बाद भारत में 300 से ज्यादा बैंक का कामकाज...

साइबर अटैक के बाद भारत में 300 से ज्यादा बैंक का कामकाज ठप, UPI-ATM सर्विस पर असर

NRI SANJH JALANDHAR (31 JULY)

टेक्नोलॉजी सर्विस प्रोवाइडर सी-एज टेक्नोलॉजीज पर साइबर हमला होने से देशभर के लगभग 300 छोटे बैंकों का काम ठप हो गया। इन वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों को एटीएम से नकदी निकालने और यूपीआई का इस्तेमाल करने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि इस तकनीकी समस्या का असर उन सहकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के ग्राहकों पर पड़ा है जो एसबीआई और टीसीएस के संयुक्त उद्यम सी-एज पर निर्भर हैं। हालांकि, अन्य बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं।

सी-एज टेक्नोलॉजीज के सिस्टम में सेंधमारी

अधिकारियों ने कहा कि सी-एज टेक्नोलॉजीज के सिस्टम में सेंधमारी का पता चलने के बाद पिछले दो दिनों से इस मुद्दे का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी भुगतान प्रणाली की सुरक्षा के लिए सी-एज सिस्टम को अलग करने से लेकर जरूरी सावधानियां बरतनी पड़ीं।

वित्तीय नुकसान की कोई सूचना नहीं

हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि इस सुरक्षा उल्लंघन के कारण वित्तीय नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है. भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने देर शाम एक बयान में कहा, ‘सी-एज टेक्नोलॉजीज पर संभवतः रैनसमवेयर हमला हुआ है, जिससे उनके कुछ सिस्टम प्रभावित हुए हैं।

युद्धस्तर पर चल रहा बहाली का काम

उन्होंने कहा कि कंपनी को एनपीसीआई द्वारा संचालित खुदरा भुगतान प्रणालियों तक पहुंच से सी-एज को अस्थायी रूप से अलग-थलग करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सी-एज टेक्नोलॉजीज के साथ युद्धस्तर पर बहाली का काम किया जा रहा है और एक जरूरी सुरक्षा समीक्षा प्रक्रिया में है।

इस बीच, उद्योग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सी-एज के सिस्टम में रैनसमवेयर पाया गया है और उसे हटाए जाने के बाद तीसरे पक्ष ने ऑडिट किया। सब कुछ योजना के अनुरूप होने पर यह बृहस्पतिवार सुबह या दोपहर तक चालू हो जाएगा।

300 बैंक कर रहे समस्याओं का सामना

इस अधिकारी ने कहा कि प्रभावित हुए वित्तीय संस्थानों की देशभर में कुल भुगतान प्रणाली की मात्रा में एक प्रतिशत से भी कम हिस्सेदारी है। भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ के चेयरमैन दिलीप संघानी ने कहा कि गुजरात के 17 जिला सहकारी बैंकों समेत देश भर के लगभग 300 बैंक पिछले दो-तीन दिनों से समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बैंकों को 29 जुलाई से परेशानी हो रही है और सॉफ्टवेयर कंपनी के अधिकारी इसे तकनीकी खराबी बता रहे हैं। इस बीच, सी-एज से टिप्पणी के लिए कोई भी उपलब्ध नहीं था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments