शाहरुख सलमान की दोस्ती करवाने वाले NCP नेता बाबा सिद्दीकी की सरेआम गोली मारकर हत्या, हमलावर अरेस्ट

NRI SANJH JALANDHAR (13 OCTOBER)

Advertisement
Google search engine

मुंबई में राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार (12 अक्टूबर) की रात में मुंबई के बांद्रा ईस्ट में उन पर कई राउंड फायरिंग की गई। घायल अवस्था में उनको लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनको सीने और पेट में 2-3 गोलियां लगी हैं।

सिद्दीकी की हत्या के मामले में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि शूटर हरियाणा और उत्तर प्रदेश के हैं।

मुंबई पुलिस ने बताया कि उनको तीन गोलिया लगी थीं। सिद्दीकी पर उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस बांद्रा खेरवाड़ी सिगनल के पास गोलीबारी हुई है। बाबा सिद्दीकी अजित गुट के नेता थे। 
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया
बाबा सिद्दीकी पर हमले के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है, और उनसे पूछताछ जारी है। साथ ही पुलिस घटना वाली जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एनसीपी नेता बांद्रा ब्‍वॉय के नाम से भी जाने जाते हैं। उनको किसने मरवाया होगा अभी इस बारे में उनके परिजनों ने किसी का नाम नहीं लिया है। 

इसी साल कांग्रेस छोड़कर NCP में हुए थे शामिल
बाबा सिद्दीकी इसी साल फरवरी में कांग्रेस छोड़कर एनसीपी (अजीत पवार गुट) में शामिल हुए थे। इसके पहले वो 48 साल तक कांग्रेस में थे। सिद्दीकी ने सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे को लेकर लिखा था, ”मैं एक युवा किशोर के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी में शामिल हुआ था और यह 48 वर्षों तक चलने वाली एक महत्वपूर्ण यात्रा रही। आज मैं तत्काल प्रभाव से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।”
बॉलीवुड स्टार्स के बेहद करीब थे सिद्दीकी
बाबा सिद्दीकी बॉलीवुड स्टार्स के बेहद करीब थे। उनकी दोस्ती बड़े-बड़े बॉलीवुड स्टार्स से थी। वो रोजा इफ्तार पार्टी के लिए भी जाने जाते थे क्योंकि उनकी पार्टी में एक से बढ़कर एक हस्तियां आती थीं। 2013 में बाबा सिद्दीकी ने अपने घर में इफ्तार पार्टी रखी थी। तब सलमान खान और शाहरुख खान को बुलाया था। उनकी इस पार्टी में दोनों स्टार पहुंचे थे। यहां सिद्दीकी ने दोनों के बीच चल रहे मनमुटाव को खत्म करवा कर दोस्ती कराई थी। 
मूलरूप से बिहार के थे बाबा सिद्दीकी
बाबा सिद्दीकी मुंबई में रहते थे और यहीं राजनीति करते थे, लेकिन बाबा सिद्दीकी मूलरूप से बिहार के रहने वाले थे। उन्‍होंने मुंबई में रहकर पढ़ाई-लिखाई की और फिर मुंबई को ही अपना कर्मक्षेत्र भी बना लिया था। खबर यह भी है कि बाबा सिद्दीकी की हत्‍या मामले की जांच में दिल्‍ली पुलिस भी जुट गई है।
Advertisement
Google search engine