चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो हेड कांस्टेबल नितिन घायल हालत में बिस्तर पर मिले। नितिन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके से देसी कट्टा बरामद किया है। शुरुआती जांच में नितिन के नाबालिग बेटे ने किसी व्यक्ति पर गोली मारने का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस को उसके बयान पर शक हुआ। पुलिस ने नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया है। वारदात के दौरान मां-पुत्र ही घर में मौजूद थे।यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे हुई। हेड कांस्टेबल नितिन (42) सेक्टर-9 स्थित अकाउंट्स ब्रांच पुलिस हेडक्वार्टर में तैनात थे। पड़ोसियों के मुताबिक शुरू में नितिन के घर से शोर की आवाजें आ रही थीं।
थोड़ी देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज आई। पड़ोसियों ने फिर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। सेक्टर-17 की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, घर को अपने कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी।घटना के बाद पुलिस ने नितिन के 17 साल के पुत्र से पूछताछ की। अपने शुरुआती बयान में पुत्र ने पुलिस को बताया कि बाहर से आकर किसी व्यक्ति ने उसके पिता को गोली मार दी
और मौके से भाग गया। जब पुलिस ने उससे घटना के बारे में दोबारा पूछताछ की तो उसके बयान में शक सामने आया। पुलिस को पुत्र के बयान पर शक होने के बाद उससे बार-बार पूछताछ की गई। उसे हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोली किसने चलाई। पुलिस घटनास्थल से बरामद किए गए सबूतों, देसी पिस्तौल और परिवार के सदस्यों के बयानों को जोड़कर घटनाओं के क्रम को जोड़ रही है।


