लुधियाना में देर रात एक 25 साल के युवक की गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हरजिंदर सिंह के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्त के घर गया था, जहां कुछ हमलावरों ने उसे घेर लिया। पहले उसे बुरी तरह पीटा गया और बाद में उस पर गोलियां चलाई गईं। गोली लगने से हरजिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में कुछ लोग हरजिंदर सिंह की पिटाई करते हुए दिख रहे हैं। इस दौरान गोली चलने की आवाज भी सुनाई दे रही है। पुलिस ने अब CCTV फुटेज को जांच का अहम हिस्सा बनाया है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना रात करीब 11:30 बजे सुभाष नगर और सुंदर नगर इलाकों में हुई।
हरजिंदर सिंह अपने दोस्त की एक्टिवा उसके घर छोड़ने गया था। इसी बीच, पांच-छह लोग कार में सवार होकर वहां पहुंचे। हमलावरों ने पहले उसे घेरा और पीटा, फिर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की और हरजिंदर सिंह को पांच गोलियां लगीं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
परिवार के मुताबिक, हरजिंदर सिंह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पिता ऑटो चलातेx हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। युवक की मौत के बाद परिवार में शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई जांच टीमें बनाई गई हैं। पुलिस घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।


