वैश्विक तनाव के बावजूद आज भारतीय शेयर बाजार की ओपेनिंग ग्रीन रही. बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 72 अंकों की तेजी के साथ 76571 पर कारोबार की शुरुआत की, जबकि निफ्टी 50 46 अंक चढ़कर 23928 के लेवल पर खुला. कल शेयर बाजार में भारी गिरावट आई थी. सेंसेक्स 1677 अंक टूटकर 76503.60 पर बंद हुआ।
वहीं, निफ्टी की क्लोजिंग 516.65 अंक नीचे 23882.05 हुई थी।आज देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS कारोबारी साल 2027 की पहली तिमाही के नतीजे का ऐलान करेगी, जिसका असर आज पूरे आईटी सेक्टर पर दिखेगा।भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद आज एशियाई बाजारों में मजबूत रिकवरी देखी जा रही. सुबह के शुरुआती कारोबार में दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.8% की तेजी से बढ़ा।
पिछले सेशन में भारी गिरावट के बाद अब इसने अच्छा बाउंसबैक किया है. जापान का बेंचमार्क निक्केई 225 भी 2.3% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है. टॉपिक्स में भी 0.44% का उछाल आया है. स्मॉल-कैप कोस्डैक में भी 4.23% की बढ़त देखी जा रही है. चीन का बेंचमार्क इंडेक्स शंघाई कम्पोजिट भी 0.17% की बढ़त के साथ हरे निशान पर खुला।
अमेरिकी बाजार में चिपमेकर कंपनी SK Hynik की धमाकेदार लिस्टिंग से टेक सेक्टर में दोबारा से निवेशक दांव लगा रहे हैं. इससे बाजार को मजबूती मिली है।कल अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए. डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज इंडेक्स 576.76 अंक या 1.09% गिरकर 52348.39 पर बंद हुआ. S&P 500 में 0.28% की गिरावट आई और इसकी क्लोजिंग 7482.71 पर हुई।
हालांकि, इन सबके विपरीत नैस्डैक कम्पोजिट ने 0.2% की बढ़त हासिल की और 25,870.65 पर बंद हुआ. कल वॉल स्ट्रीट में Broadcom में लगभग 5% और दिग्गज टेक कंपनी Nvidia में 3.65% की शानदार तेजी दर्ज की गई. इसने पूरे नैस्डैक इंडेक्स काे हरे निशान पर बनाए रखा।आज अमेरिकी डॉलर 95.61 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा है
, जो अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में इसकी मजबूत स्थिति को दिखाता है. अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य संकट के गहराने और कच्चे तेल में उबाल के चलते डॉलर निवेशकों के बीच ‘सेफ हेवन’ बनकर उभर रहा है. इससे इसकी मांग बढ़ रही है. कल बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 59 पैसे टूटकर 95.55 पर बंद हुआ।


