अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में स्थित प्रसिद्ध सेंट्रल पार्क में घोड़ा-गाड़ियों पर पाबंदी लगाने वाले एक महत्वपूर्ण बिल का नाम अब एक भारतीय नौजवान के सम्मान में बदल दिया जाएगा।इस विधेयक का नाम अब ‘रोमांच लॉ’ रखा जाएगा, जो 18 वर्षीय भारतीय नौजवान रोमांच महाजन को समर्पित है।बता दे कि पिछले हफ्ते पठानकोट से आए परिवार के साथ सेंट्रल पार्क में बेहद दर्दनाक हादसा हो गया था।
रोमांच महाजन अपनी मां के साथ घोड़ा-गाड़ी की सवारी कर रहा था कि अचानक घोड़ा बेकाबू हो गया।घोड़े के बेकाबू होने के कारण रोमांच की मां गाड़ी से नीचे गिर गई। अपनी मां को बचाने के लिए रोमांच ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बुधवार को उसकी मौत हो गई। हादसे में रोमांच की मां को मामूली चोटें आई हैं।न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल के सदस्य क्रिस्टोफर मार्टे ने सेंट्रल पार्क में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा के दौरान इस फैसले की घोषणा की।
मार्टे ने बताया कि उन्होंने पहले इस बिल का नाम ‘राइडर्स लॉ’ रखा था। यह नाम ‘राइडर’ नामक 26 वर्षीय घोड़े के नाम पर था, जिसे अगस्त 2022 में जबरदस्ती गाड़ी खींचने के लिए मजबूर किया गया था और बाद में उसकी मौत हो गई थी।अब रोमांच की कुर्बानी को देखते हुए इसका नाम बदल दिया गया है। इस नए कानून के जरिए घोड़ा-गाड़ियों पर पूर्ण पाबंदी लगाकर भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने की कोशिश की जाएगी।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान रोमांच के परिवार का एक भावुक पत्र भी पढ़ा गया। परिवार ने सवारी सेवाओं को तुरंत बंद करने की मांग करते हुए कहा कि जब वे अपने बच्चे के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे हैं, उसी समय घोड़ा-गाड़ियों का दोबारा सड़कों पर आना उनके लिए अपमानजनक है।
पत्र में लिखा गया कि यह उद्योग न्यूयॉर्क के हर निवासी और पर्यटक की सुरक्षा के लिए खतरा है।न्यूयॉर्क स्थित भारतीय दूतावास ने भी रोमांच के अचानक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि वे इस कठिन घड़ी में परिवार के साथ हैं और हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।


