Friday, May 8, 2026

Google search engine
Homeपंजाबजालंधर में काला संघिया और जमशेर ड्रेन को प्रदूषण मुक्त करने के...

जालंधर में काला संघिया और जमशेर ड्रेन को प्रदूषण मुक्त करने के लिए बैठक

राज्यसभा सदस्य और प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने आज काला संघिया और जमशेर ड्रेन को प्रदूषण मुक्त करने के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ ठोस नीति अपनाने पर जोर दिया।ड्रेनों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा बैठक की।

राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल ने नगर निगम जालंधर, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पी.पी.सी.बी.) और सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रेनों में कचरे और गंदे पानी के सीधे प्रवाह को रोकने के लिए बेहतर आपसी समन्वय के साथ काम किया जाए, ताकि इन प्राकृतिक स्रोतों को प्रदूषण मुक्त करके उनमें साफ पानी का बहाव सुनिश्चित किया जा सके।

इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और कमिश्नर नगर निगम संदीप ऋषि भी मौजूद थे।संत सीचेवाल ने कहा कि प्राकृतिक स्रोतों के साथ छेड़छाड़ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रेनों को प्रदूषित करते पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एस.टी.पी. (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) की नियमित जांच और सैंपलिंग का भी जायजा लिया।

अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों के संचालन पर नजदीकी नजर रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उनके संचालन के दौरान पर्यावरण नियमों का पूर्ण पालन हो।राज्यसभा सदस्य ने काला संघिया ड्रेन में साफ पानी छोड़े जाने का भी जायजा लिया और निर्माण कार्यों के कारण रुका पड़ा पानी जल्द से जल्द छोड़ने को सुनिश्चित करने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने जमशेर स्थित सी.बी.जी. प्लांट और वरियाणा में चल रहे बायो-माइनिंग प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने जालंधर नगर निगम को गाइडलाइंस के अनुसार पानी की सप्लाई करने के निर्देश दिए, क्योंकि अधिक पानी की सप्लाई एस.टी.पी. और ड्रेन के कार्यों में बाधा उत्पन्न कर सकती है।मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा प्राकृतिक स्रोतों की बेहतर संभाल की प्रतिबद्धता दोहराते हुए संत सीचेवाल ने कहा कि आम लोगों को भी बड़े स्तर पर जागरूक किया जाए, ताकि उनके सहयोग से इस प्राकृतिक खजाने की उचित संभाल सुनिश्चित की जा सके।

संत सीचेवाल ने ड्रेनों और चिट्टी वेही की सफाई के साथ-साथ बारिश के सीजन से पहले गिद्धड़पिंडी रेलवे पुल के नीचे से मिट्टी निकालने की जरूरत पर भी जोर दिया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह काम प्राथमिकता के आधार पर करवाए जाएं। उन्होंने नेशनल हाईवे कालिया कॉलोनी के पास पुली के स्थायी समाधान तक ड्रेन के किनारों को ऊंचा करने के निर्देश भी दिए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को पानी की निकासी की समस्या का सामना न करना पड़े।

डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने भरोसा दिलाया कि ड्रेनों को पूर्ण रूप से प्रदूषण मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि सख्त निगरानी के साथ-साथ प्राकृतिक स्रोतों को प्रदूषित करने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विभागों को ड्रेनों को प्रदूषित होने से रोकने के लिए आपसी तालमेल वाली रणनीति अपनाने के निर्देश दिए और कहा कि इस काम में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर निगम कमिश्नर ने बताया कि वरियाणा में 8 लाख मीट्रिक टन कूड़े के निपटारे का काम चल रहा है और इस काम की गति दोगुनी करने के लिए जल्द ही और मशीनरी लगाई जा रही है।बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी., समूह एस.डी.एम., ड्रेनेज, पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड, सीवरेज बोर्ड के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments