पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने होशियारपुर के डीएसपी बबनदीप सिंह को सेवाओं से निलंबित कर दिया है।डीएसपी (हेडक्वार्टर) बबनदीप सिंह को अनुशासनहीनता और कदाचार के आरोप में सेवाओं से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के आंतरिक शिकायतों के आधार पर की गई, जिसमें बबनदीप सिंह पर एक महिला छात्रा के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगा है।
यह घटना पिछले महीने राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ (आरजीएनयूएल), पटियाला में हुए एक कोर्स के दौरान घटी थी। 17 नवंबर से 22 नवंबर 2025 तक बबनदीप सिंह पंजाब पुलिस के अधिकारियों के लिए आयोजित ‘सर्टिफाइड इन्वेस्टिगेटर कोर्स’ में भाग ले रहे थे।
इस दौरान उन्होंने एक महिला छात्रा के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया, जिसकी कई शिकायतें डीजीपी कार्यालय तक पहुंची। डीजीपी कार्यालय से जारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि बबनदीप सिंह की यह हरकत ‘ग्रॉस इंडिसिप्लिन एंड मिसकंडक्ट’ की श्रेणी में आती है। निलंबन तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।


