केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड ने 17.62 लाख रुपये का रिकवरी नोटिस जारी किया है। यह नोटिस नंगल टाउनशिप कॉलोनी में बिट्टू के नाम पर आवंटित दो मकानों पर बिना अनुमति कब्ज़ा रखने के आरोप में जारी किया गया है। यह मकान उन्हें उस समय आवंटित किए गए थे जब वह कांग्रेस पार्टी के सांसद थे।
खास बात यह है कि इनमें से एक मकान आज भी कांग्रेस पार्टी के दफ्तर के तौर पर इस्तेमाल हो रहा है।सूत्रों के अनुसार, मंत्री बिट्टू को मकान खाली करने के लिए कई बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इस कब्ज़े के कारण बोर्ड ने इन मकानों पर पेनल्टी किराया लगाना शुरू कर दिया था।
किराया न चुकाने के कारण अब बोर्ड ने 17.62 लाख रुपये की वसूली के लिए रिकवरी नोटिस भेजा है। सूत्रों का कहना है कि मंत्री ने इस नोटिस का भी अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।यह मामला सितंबर में तब तूल पकड़ गया था, जब खुलासा हुआ कि नंगल का कांग्रेस दफ्तर अभी भी बिट्टू के नाम पर रजिस्टर्ड है। उल्लेखनीय है कि रवनीत बिट्टू कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके है और अब वह केंद्र सरकार में मंत्री भी है।


