पंजाब में अब ट्राईडेंट समूह 2000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रहा है। चंडीग़ढ में इस बारे में कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा जानकारी दी।उन्होंने बताया कि इस निवेश में बठिंडा के बरनाला में टेरी तौलिए के उत्पादन के विस्तार और पेपर मैन्युफैक्चरिंग उद्योग के आधुनिकीकरण के लिए 1500 करोड़ रुपये तथा मोहाली में एक कॉर्पोरेट कार्यालय व क्षमता निर्माण केंद्र की स्थापना के लिए 500 करोड़ रुपये शामिल है।
इससे इलाके की सेमी-स्किल्ड ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिलेगा।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार की प्रगतिशील नीतियों और ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ के लिए उठाए गए सुधारात्मक कदमों ने पंजाब को निवेशकों का सबसे पसंदीदा गंतव्य बना दिया है। यह राज्य सरकार की उद्योग-हितैषी नीतियों के प्रति वचनबद्धता को दर्शाता है, जो उद्योगों के लिए और अधिक अनुकूल माहौल तैयार करने पर केंद्रित हैं।
ट्राईडेंट समूह के चेयरमैन तथा राज्यसभा सदस्य पद्मश्री राजिंदर गुप्ता ने कहा कि बढ़ती घरेलू और निर्यात मांग को पूरा करने के लिए समूह धागा उत्पादन व्यवसाय का विस्तार करने और अपनी मौजूदा टेक्सटाइल क्षमताओं को बढ़ाने जा रहा है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण-अनुकूल और कुशल उत्पादन प्रक्रियाओं को सुनिश्चित करने के लिए तकनीक और बुनियादी ढांचे के उन्नयन के माध्यम से पेपर मैन्युफैक्चरिंग उद्योग का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।


