शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल ने प्रधानमंत्री मोदी से अपने राज्य के दौरे के दौरान पंजाब के लिए 20,000 करोड़ रुपए की बाढ़ राहत और पुनर्वास पैकेज की घोषणा करने की अपील की। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए 50,000 रुपए प्रति एकड़ मुआवजे के साथ-साथ ‘खेत मजदूरों’ के लिए मुआवजे की मांग की है।
सुखबीर बादल ने बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत सामग्री के साथ-साथ आगामी गेहूं की फसल के लिए प्रमाणित बीज के प्रावधान सहित एक व्यापक पार्टी प्रोग्राम की घोषणा की हैपार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सुखबीर ने बताया कि उन्होंने ग्रामीण स्तर पर वितरण के लिए 500 ट्रक मक्के का साइलेज बुक किया है। उन्होंने 500 ट्रक कम्प्रैस्ड चारा खरीदने की व्यवस्था कर ली है। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी ने 500 फॉगिंग मशीनें खरीदी हैं।जिन्हें, बाढ़ प्रभावित इलाकों में वितरित किया जाएगा।
अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी न केवल राहत सामग्री मुहैया करवाएगी, बल्कि भविष्य की चिंता करते हुए एक लाख एकड़ जमीन के लिए किसानों को प्रमाणित गेहूं के बीज वितरित करेंगे। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को राशन की जरूरतों को पूरा करने के लिए 30,000 क्विंटल बीज वितरित किए जाएंगे।जिला अध्यक्षों की मीटिंग के बाद राहत पैकेज की घोषणा की गई।
उन्होंने राज्य सरकार से जानमाल के नुक्सान के लिए घोषित 4 लाख रुपए की राशि को बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने की मांग की है। एक सवाल का जवाब देते हुए बादल ने कहा, मैं पिछले 15 दिनों से बाढ़ प्रभावित हलकों के दौरे पर हूं। लोग मेरे पास आए और मुझे बताया कि उनके बांधों को मजबूत करने के लिए कुछ भी नहीं किया गया। यह भी सच है कि अनिवार्य बाढ़ कंट्रोल और समीक्षा मीटिंग निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित नहीं की गई। इसके कारण ही लोगों की परेशानी बहुत ज्यादा बढ़ गई है।


