Tuesday, June 2, 2026

Google search engine
Homeपंजाबन्यू ईयर पार्टी पर वंडरलैंड को बम से उड़ाने की अरबी में...

न्यू ईयर पार्टी पर वंडरलैंड को बम से उड़ाने की अरबी में लिखी चिट्ठी से दहशत, लिखा- खुला चैलेंज, धमाका कराएंगे, रोक सको तो रोक लो

NRI SANJH JALANDHAR (31 DECEMBER)

जालंधर का वंडरलैंड पार्क लांबड़ा एरिया में स्थित है। यहां आज न्यू ईयर पार्टी होने वाली है। बम धमाके की धमकी वाला लेटर सामने आने के बाद यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एक मीडिया संस्थान को भेजी गई चिट्‌ठी में कहा गया है कि आज यानी 31 दिसंबर की रात को वंडरलैंड में होने वाली पार्टी में हम ब्लास्ट करेंगे। साथ ही लेटर में कहा गया है कि जालंधर प्रशासन को यह खुला चैलेंज है। रोक सकते हो तो रोक लो। हालांकि, इसे लेकर जालंधर देहात पुलिस के SSP हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा है कि ये सब बातें अफवाह हैं। ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। जबकि, वंडरलैंड में सुबह से ही पुलिस चेकिंग कर रही है, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।

नए साल के सेलिब्रेशन को लेकर रखी गई पार्टी
जालंधर के सबसे चर्चित वाटर पार्क में आज न्यू ईयर सेलिब्रेशन का इवेंट रखा गया है। वंडरलैंड ने इस इवेंट का नाम “द ग्रांड बॉलरूम अफेयर” रखा है। रात 8 बजे यह पार्टी शुरू हो जाएगी और रात करीब 12 बजे तक चलेगी। इसे लेकर काफी समय से शहर के लोगों में उत्साह है।

वंडरलैंड में होने वाला यह इवेंट शहर का सबसे बड़ा इवेंट है, जहां शहर के प्रमुख लोग और उनके परिवार आने वाले हैं। वहीं, शहर का सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाला इवेंट भी वंडरलैंड में ही होने जा रहा है। ऐसे में धमकी मिलने से पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है।

लेटर में क्या लिखा है…
लेटर की शुरुआत अरबी भाषा से की गई है, जिसमें लिखा है, अल्लाह हु अकबर। आगे अंग्रेजी में लिखा है, ‘यह हमारा ओपन चैलेंज है जालंधर प्रशासन को। हम 31 दिसंबर को वंडरलैंड फार्म में ब्लास्ट करेंगे। अगर रो सकते हो तो रोक लो। यह हमारा ओपन चैलेंज है। काउंटडाउन स्टार्ट… टिक-टोक टिक-टोक टिक-टोक।’

SSP बोले- ये चर्चाएं गलत हैं
जालंधर देहात पुलिस के SSP हरकलमप्रीत सिंह खख ने धमाके की धमकी को लेकर कहा है कि शहर का सबसे प्रमुख फंक्शन आज वंडरलैंड में है। इसके चलते सुरक्षा तैनात की गई है। यह सिर्फ एक ड्रामा है। बम ब्लास्ट की जो चर्चाएं चल रही हैं, ये सब गलत हैं।

जब SSP से लेटर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि लेटर कोई भी जारी कर सकता है। यह सब कारोबार को बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। हम इस पर जांच कर रहे हैं। जल्द कार्रवाई करेंगे। जानकारी के अनुसार, यह लेटर कल यानी सोमवार शाम को पुलिस के पास पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने युद्ध स्तर पर चेकिंग की। देर रात लांबड़ा पुलिस ने वंडरलैंड के आसपास सर्च बढ़ा दी। इसके बाद आज सुबह अचानक भारी मात्रा में फोर्स वंडरलैंड पार्क पहुंच गई। यहां बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड भी मौजूद था। हालांकि, कुछ हाथ नहीं लगा।

वहीं, वंडरलैंड मैनेजमेंट की ओर से इसे लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। अमूमन हर साल इस जगह पर पार्टी होती है तो करीब 20 से 25 पुलिसकर्मी तैनात किए जाते हैं। इस बार 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। लोगों में भी डर का माहौल है।
DSP बोले- लोग अफवाहों से न डरें
मामले में करतारपुर के DSP सुरिंदर सिंह धोगड़ी ने कहा कि यह लेटर सरासर गलत है। किसी ने टाइप कर वायरल किया गया है। उन्होंने कहा- शहर का सबसे बड़ा इवेंट यहीं हो रहा है। मैं खुद टीम के साथ वंडरलैंड के बाहर मौजूद हूं। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हैं। लोगों से अपील है कि अफवाह से बिल्कुल न डरें, क्योंकि यह गलत है। इवेंट कड़ी सुरक्षा में करवाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments