NRI SANJH JALANDHAR (5 OCTOBER)
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए शनिवार (5 अक्टूबर) को सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है, लेकिन शुरुआती घंटों में वोटिंग प्रतिशत अपेक्षाकृत कम देखने को मिला। हरियाणा में सुबह सुबह 11 बजे तक के हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के मतदान प्रतिशत के अनुसार, पलवल जिले में सबसे अधिक 27.94% मतदान हुआ है, जबकि पंचकुला जिले में सबसे कम 13.46% मतदान दर्ज किया गया है।
हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर वोट डालने के लिए वोटर्स काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। सुबह से ही बूथों पर लोगों की लंबी कतारें नजर आने लगी। इस चुनाव में कुल 1031 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस की विनेश फोगाट और जेजेपी के दुष्यंत चौटाला जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं। इस बार कुल 2 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
कांग्रेस का भविष्य और संविधान बचाने का चुनाव: दीपेंद्र हुड्डा
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रोहतक से वोट डालने के बाद कहा कि यह चुनाव केवल सरकार बनाने का नहीं, बल्कि संविधान, युवाओं और किसानों के भविष्य को बचाने का है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में बीजेपी ने 75 सीटें जीतने का दावा किया था, लेकिन 40 पर ही रुक गई। इस बार भी वे 50 सीटों से अधिक का दावा कर रहे हैं, लेकिन जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ है।
घोड़े पर सवार हो बूथ पहुंचे नवीन जिंदल
बीजेपी सांसद नवीन जिंदल ने कुरुक्षेत्र से घोड़े पर सवार होकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग जागरूक हैं और अपनी वोट का सही इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने अपनी मां, सावित्री जिंदल का जिक्र करते हुए कहा कि हिसार की जनता का आशीर्वाद बीजेपी के साथ है। नवीन जिंदल ने उम्मीद जताई कि (BJP) फिर से हरियाणा में सरकार बनाएगी और नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री बनेंगे।
सुबह 11 बजे तक जिलावार मतदान प्रतिशत:
- अम्बाला-25.50%
- करनाल-24.85%
- कुरुक्षेत्र-23.90%
- कैथल-22.21%
- गुड़गांव-17.05%
- चरखी दादरी-20.10%
- जीन्द-27.20%
- झज्जर-23.48%
- पंचकुला-13.46%
- पलवल-27.94%
- पानीपत-22.62%
- फतेहाबाद-24.73%
- फरीदाबाद-20.39%
- भिवानी-23.45%
- महेंद्रगढ़-24.26%
- मेवात-25.65%
- यमुनानगर -25.56%
- रेवाड़ी-21.49%
- रोहतक -22.91%
- सिरसा-20.77%
- सोनीपत-18.84%
- हिसार-24.69%




