NRI SANJH JALANDHAR (21 JUNE)
उत्तरी- पश्चिमी और उत्तर पूर्वी राज्यों के लोगों के लिए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बड़ी खुशखबरी दी है। IMD ने MP-UP और बिहार (Bihar) समेत 7 राज्यों में तीन दिनों (72 घंटे) में मानसून की एंट्री की बात कही। इसके लिए काउंटडाउन शुरू हो गया। अभी इन राज्यों के कुछ हिस्सों में प्री-मानसून हो रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले 5 दिनों में इन राज्यों में अच्छी बारिश का अनुमान जताया है। इससे राज्यों को लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 10 दिन थमे रहने के बाद गुरुवार 20 जून को कुछ राज्यों में पहुंचा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून ओडिशा, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के बड़े हिस्से में पहुंच गया है।
मौसम विभाग (weather department) का कहना है कि गुजरात के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा के हिस्से, गांगेय और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3-4 दिन में मानसून पहुंच सकता है। विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर की ओर बढ़ रहा है।
इन राज्यों में तीन दिन में पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है। आईएमडी ने कहा कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, गंगा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। मानसून की दस्तक देने के साथ ही इन राज्यों में बारिश के साथ तूफान आने की संभावना है।
देश की राजधानी दिल्ली के लोगों का भीषण गर्मी की वजह से हाल बेहाल है। मानसून के आने का लोगों को बेसब्री से इंतजार है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में तेजी से बदलाव के संकेत हैं, लेकिन राष्ट्रीय राजधानी में रहने वालों को अभी मानसूनी बारिश के लिए कुछ दिन और इंतजार करना होगा। 19 जून को मानसून ने यूपी में आहट दे दी थी। अब आईएमडी के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली में मानसून 25 जून के बाद किसी भी समय आने की संभावना है। इससे पहले आईएमडी ने बताया था कि मानसून 27 जून तक आने की संभावना है।




