परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने एसएसपी मानसा के कामकाज पर सवाल उठाते हुए तुरंत ट्रांसफर की मांग की है। भीम सिंह द्वारा एक वीडियो जारी करने और पुलिस प्रशासन की कारगुजारी पर सवाल उठाने के बाद माहौल फिर गर्म हो गया है। परिवार की ओर से लगातार इस मामले में इंसाफ की मांग की जा रही है। अब एसएसपी मानसा के कामकाज को लेकर भी परिवार ने अपनी नाराजगी जाहिर की है।
झोटा के पिता ने वीडियो में ऐलान किया कि परिवार एसएसपी की मौजूदगी में प्रदेश सरकार द्वारा बातचीत के लिए बनाई गई समिति के साथ मीटिंगों में शामिल नहीं होगा।उन्होंने कहा कि जब भी सरकार की समिति ने उन्हें बातचीत का न्योता दिया तो वे जरूर गए हैं, लेकिन प्रशासन के साथ मीटिंगों के दौरान परिवार के साथ अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा था।
उन्होंने कुछ अधिकारियों की गई मुअत्तली पर भी सवाल उठाए और मांग की कि मुअत्तली के हुक्मों की कॉपियां उन्हें उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक की गई कार्रवाई नाकाफी है और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की गहराई से जांच की जानी चाहिए।
भीम सिंह ने एसएसपी के तबादले की मांग करते हुए आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान अधिकारी की मौजूदगी परिवार और धरनाकारियों को मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि समिति कोई फैसला लेने से पहले संघर्ष के अन्य सदस्यों से सलाह-मशविरा करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे मामले को लंबा नहीं खींचना चाहते।


