पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पेरिस से वापस आ रहे थे तभी देर रात उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर रोक कर रखा गया. यह दावा आम आदमी पार्टी ने किया है. AAP के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने जानकारी दी है कि सीएम भगवंत मान पंजाब के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए पेरिस गए थे
वहां से लौटने पर उन्हें एयरपोर्ट पर रोक लिया गया।बलतेज पन्नू ने यह जानकारी देते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री पंजाबियों का अपमान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते. दिल्ली एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को रात में तीन घंटे तक रोके रखा गया. इसके पीछे यही खुन्नस थी कि प्रधानमंत्री के मना करने के बावजूद वे कोर्ट के आदेश पर पेरिस क्यों गए?
उन पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया गया.”पंजाब AAP के जनरल सेक्रेटरी और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने नाराजगी जताते हुए कहा, “सबसे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की विदेश यात्रा में रुकावटें पैदा कीं. फिर उनके पंजाब लौटने पर भी ऐसा ही किया. वह भी बिना किसी ठोस वजह के.
उन्होंने भारतीय दूतावास के अधिकारियों को निर्देश तक दे दिए कि वे मुख्यमंत्री मान को वह सम्मान और प्रोटोकॉल न दें, जिसके वे हकदार हैं. इतना ही नहीं, उनके लौटने पर उन्हें तीन घंटे तक परेशान किया गया और फिर उन पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगा दिया गया. इसके बाद इसे ‘दबाव’ का बहाना देकर सही ठहराया गया. यह सब सिर्फ इसलिए हुआ क्योंकि भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री हैं.”


