पंजाब सरकार और सरकारी कर्मचारी एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। पंजाब सरकार ने कर्मचारी संगठनों को 21 अक्टूबर यानी आज मीटिंग के लिए बुलाया है। हालांकि, कर्मचारी संगठनों ने सरकार के पत्र को ठुकरा दिया है।
सांझा कर्मचारी मोर्चा के मुखिया सुखचैन सिंह विर्क ने स्पष्ट किया कि प्रदेश भर के लगभग 4 लाख सरकारी कर्मचारी आज और कल दो दिनों की सामूहिक छुट्टी लेकर हड़ताल करेंगे। वे 22 अक्टूबर को विधानसभा सत्र के दौरान भी काम नहीं करेंगे।इसके अलावा, सांझा कर्मचारी मोर्चा के नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है
कि यदि 22 अक्तूबर को विधानसभा सत्र के दौरान छुट्टी लेने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, तो इसकी भरपाई सरकार को बड़े संघर्ष के रूप में झेलनी पड़ेगी।कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि इन दो दिनों के दौरान सरकारी दफ्तरों में मौजूद किसी भी सरकारी कर्मचारी को सरकार-पक्षी और कर्मचारी-विरोधी माना जाएगा। सांझी कर्मचारी तालमेल समिति ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।


