शारदीय नवरात्रि का आज दूसरा दिन है। सोमवार को माता वैष्णो देवी के मंदिर में भक्त बड़ी संख्या में पहुंच रहे है। इस शुभ अवसर पर देवी के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। इस बीच, भक्त मां देवी के भजन गाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। रविवार को 47,326 भक्तों ने मां वैष्णो देवी के मंदिर में दर्शन किए।
भक्तों की अधिक संख्या के कारण शाम 6:00 बजे रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद करना पड़ा।आपको बता दें कि कल यानी शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां वैष्णो देवी के दरबार में भक्तों की लंबी कतार देखी गई थी। भक्त कतारों में खड़े होकर भजन गाते हुए माता रानी के दर्शन करने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
वैष्णो देवी भवन से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह से ही भवन में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। भक्त माता के चरणों में माथा टेककर और अपनी मनोकामना लेकर माता रानी के दरबार में पहुंचकर शारदीय नवरात्रि 2026 की शुरुआत कर रहे हैं।नवरात्रि के खास मौके पर माता वैष्णो देवी भवन को रंग-बिरंगे फूलों और रंगीन लाइटों से सजाया गया है, जो पूरे माहौल को और भी मनमोहक बना रहा था।
जानकारी के मुताबिक, देर शाम तक 47,000 से ज़्यादा भक्त अपने यात्रा RFID कार्ड लेकर वैष्णो देवी भवन के लिए निकल चुके थे। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने पूरे वैष्णो देवी यात्रा रूट पर नवरात्रि उत्सव के लिए खास इंतजाम किए हैं। साफ-सफाई पर खास ध्यान दिया जा रहा है, जिसमें बिजली, पानी, खाने-पीने की चीज़ों का पूरा इंतज़ाम शामिल है।


