बटाला अलीवाल रोड स्थित फ्रेंड कॉलोनी में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर में मां-बेटी की लाशें मिलने का मामला सामने आया। मृतकों की पहचान बबली और उसकी बेटी तमन्ना के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
मृतक बबली के भाई विजय ने आरोप लगाया कि उसकी बहन और भांजी की हत्या उसके जीजा जसविंदर मसीह द्वारा तेजधार हथियार से की गई है। विजय के अनुसार जसविंदर पहले गांव कैरोवाल में रहता था, लेकिन कुछ समय पहले बटाला में किराए का मकान लेकर फ्रेंड कॉलोनी में रहने लगा था।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि घर में पिछले काफी समय से क्लेश चल रहा था और इस कारण पारिवारिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था। उन्होंने कहा कि घर के अंदर मां-बेटी की लाशें मिलने के बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन की पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटना स्थल का जायजा लेकर लाशों को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मौके पर थाना सिविल लाइन के एसएचओ लखविंदर सिंह, एएसआई सुखदेव सिंह और एएसआई राजकुमार समेत पुलिस टीम पहुंची। अधिकारियों ने घर के अंदर और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और नजदीकी इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है,
ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस ने लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों और हमले के बारे में और स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है। पुलिस द्वारा परिवार के सदस्यों और नजदीकी लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या के असल कारणों और घटना में किसकी भूमिका है, इस बारे में पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। अधिकारियों ने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


