पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि भाजपा के साथ चार सालों में उन्होंने असल में कुछ भी नहीं कमाया। बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2022 के चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी बनाई थी और फिर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। अब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि भाजपा की ओर से उनके साथ कोई सलाह-मशविरा नहीं किया गया।
साथ ही उन्होंने कांग्रेस में वापस जाने की संभावनाओं से भी इनकार किया है।एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि अगर आप किसी पार्टी में शामिल होते हैं, तो आप उम्मीद करते हैं कि आपके साथ सलाह-मशविरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उन्होंने पंजाब को समझने में करीब 60 साल बिताए हैं और वे प्रदेश को अच्छी तरह जानते हैं। पार्टी बदलने के बारे में पूछे जाने पर कैप्टन ने कहा कि वे भाजपा में ही रहेंगे। इसके साथ ही कैप्टन ने अकाली दल और भाजपा के गठबंधन की एक बार फिर से वकालत की है।


