किसानों की मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां का पंजाब भर के DC ऑफिस के बाहर शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है। पटियाला जिले में किसान संगठन का यह धरना आज तीसरे दिन भी जारी रहा। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के पटियाला जिले के जनरल सेक्रेटरी सुखविंदर सिंह बरना ने कहा कि किसान संगठन कुल 15 मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है।
इनमें से 13 मांगें राज्य स्तर की हैं, जबकि 2 मांगें पटियाला जिले से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इन मांगों में कुछ मुद्दे केंद्र सरकार से जुड़े हैं, जबकि कई मांगें पंजाब सरकार से जुड़ी हैं। किसान नेता ने कहा कि पटियाला जिले के DC के साथ मीटिंग हो चुकी है, लेकिन अभी तक इस मीटिंग का कोई ठोस और सार्थक नतीजा नहीं निकला है।
सुखविंदर सिंह बरना ने साफ किया कि हालांकि सरकार के साथ बातचीत हो रही है, लेकिन किसानों की मुख्य मांगें हल होने के करीब भी नहीं पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने किसानों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो आने वाले समय में संघर्ष को बड़े स्तर पर ले जाया जा सकता है।


