लुधियाना के थाना डाबा के अंतर्गत आने वाले इलाके बागी स्टैंड पर शनिवार को एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अनजान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक किराना स्टोर के मालिक को सफेद रंग का लिफाफा पकड़ाया और पड़ोसियों को जानलेवा धमकी देकर फरार हो गए।
जब दुकानदार ने लिफाफा खोलकर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। लिफाफे के अंदर किसी इंसान का कटा हुआ हाथ पड़ा था। यह खबर फैलते ही पूरे बाजार और आवासीय इलाके में भारी सनसनी और हफड़ा-दफड़ी मच गई।पुलिस ने कटे हुए हाथ को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है,
जबकि सूचना के बावजूद लगभग डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्यक्त किया है।जानकारी के मुताबिक बागी स्टैंड पर स्थित एक किराना स्टोर पर दुकानदार रोजाना की तरह अपनी दुकानदारी कर रहा था। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर अनजान नौजवान दुकान के सामने आकर रुके।
बाइक सवार नौजवानों ने दुकानदार की तरफ एक सफेद रंग का लिफाफा बढ़ाते हुए कहा कि यह लिफाफा अपने पड़ोसियों को सौंप देना और उन्हें यह संदेश भी दे देना कि अगर वे न सुधरे तो उनका भी यही हाल होगा। यह खौफनाक चेतावनी देकर मुलजिम तेजी से बाइक भगाकर मौके से फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद जब दुकानदार ने शक होने पर उस सफेद लिफाफे को खोला, तो खौफनाक मंजर देखकर उसकी चीख निकल गई। लिफाफे के अंदर एक व्यक्ति का कलाई के पास से कटा हुआ हाथ पड़ा था, जिसमें से खून बह रहा था। दुकानदार का शोर सुनकर आस-पास के दुकानदार और स्थानीय निवासी मौके पर इकट्ठा हो गए।
देखते ही देखते पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर सहम गए।प्रारंभिक जांच और स्थानीय स्रोतों से मिली जानकारी के अनुसार इस सनसनीखेज वारदात के तार रेडू साहिब गुरुद्वारा साहिब के पास सुबह हुए एक विवाद से जुड़ते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह रेडू साहिब के पास दो पक्षों के बीच खूनी तकरार और हिंसक झड़प हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी झगड़े के दौरान तेजधार हथियारों से वार करके किसी नौजवान का हाथ शरीर से अलग कर दिया गया था। हालांकि, जिस व्यक्ति का हाथ काटा गया है, वह जख्मी नौजवान अभी तक लापता है और उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस अस्पताल और आस-पास के स्थानों पर जख्मी की तलाश कर रही है।


