भारतीय पुरुष हॉकी टीम आज FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल-D मैच में इंग्लैंड का सामना करेगी। यह मैच शाम 6:30 बजे वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप में जीत का 32 साल का सूखा खत्म करने की कोशिश करेगी। भारत ने आखिरी बार 1994 के सिडनी वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को हराया था।भारत ने टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की है। 15 अगस्त को खेले गए अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने वेल्स को 3-1 से हराया।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल करके टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि संजय ने भी एक गोल किया। दूसरी ओर, इंग्लैंड ने भी अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 4-1 से हराया।दोनों टीमों के पास तीन-तीन अंक हैं, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण इंग्लैंड पूल-D में शीर्ष पर है और भारत दूसरे स्थान पर है। वर्ल्ड कप के इतिहास में इंग्लैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है। 1994 की जीत के बाद, इंग्लैंड ने भारत को 2002, 2006 और 2010 में हराया। 2014 में भी इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 2-1 से हराया था।
2023 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच मैच 0-0 से ड्रॉ रहा था। अब भारत इस पुराने रिकॉर्ड को बदलने की कोशिश करेगा। इंग्लैंड की टीम भी इस समय मजबूत फॉर्म में है। 2025-26 FIH प्रो लीग में, इंग्लैंड ने 16 में से केवल दो मैच हारे और बेल्जियम के बाद दूसरे स्थान पर रही। वर्ल्ड कप से पहले, टीम ने जापान, मिस्र, अमेरिका, मलेशिया और पाकिस्तान जैसी टीमों के खिलाफ जीत हासिल की है। इसलिए, आज का मैच दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण होने वाला है। जहां भारत 32 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए मैदान पर उतरेगा, वहीं इंग्लैंड अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने की कोशिश करेगा।


