पंजाब पुलिस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स पंजाब ने ओएफटीईसी पंजाब और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इंडोनेशिया के जकार्ता से फरार गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को डिपोर्ट करवाकर पंजाब लाया है।डीजीपी ने बताया कि जोबन बिल्ला हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था।
उसके खिलाफ पंजाब में चार हत्या के केस दर्ज हैं और वह कई देशों में रहकर गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। डीजीपी गौरव यादव के अनुसार यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन नोमैड हंट’ के तहत 6 महीने तक चले खुफिया मिशन का नतीजा है।इस दौरान लगातार निगरानी, खुफिया जानकारी एकत्र करने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल के जरिए इस मुल्जिम को कानून के घेरे में लाया गया। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस संगठित आपराधिक गिरोहों को जड़ से खत्म करने और दुनिया के किसी भी कोने में छिपे फरार अपराधियों को कानून के कटघरे तक लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


