पंजाब कांग्रेस में चल रहे आंतरिक कलह को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की अहम बैठक होने जा रही है।इस बैठक में पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल अपने 5 दिनों के पंजाब दौरे की विस्तृत रिपोर्ट हाईकमान के सामने पेश करेंगे। चर्चा है कि वे सबसे पहले के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात करेंगे, जिसके बाद राहुल गांधी से भी विचार-विमर्श हो सकता है।
इस बैठक को पंजाब कांग्रेस में चल रहे विवाद को सुलझाने के नजरिए से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।भूपेश बघेल ने हाल ही में पंजाब का पांच दिन का दौरा किया था, जिसमें उन्होंने पार्टी के जिला अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों, लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों समेत विभिन्न धड़ों के नेताओं से मुलाकातें कीं।
उन्होंने कई कांग्रेस नेताओं के घर जाकर भी फीडबैक इकट्ठा किया और संगठन की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।भले ही पांच दिनों के दौरे के दौरान ज्यादातर समय संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और जिला स्तर के नेताओं से बातचीत में लगाया गया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस बैठक की रही, जो नाराज धड़े के साथ हुई। जानकारी के मुताबिक इस धड़े से भूपेश बघेल ने करीब डेढ़ घंटे चर्चा की। यह वही धड़ा है,
जिसकी नाराजगी के कारण पंजाब कांग्रेस में पिछले कई दिनों से सियासी हलचल बनी हुई है।इस बैठक के दौरान नाराज नेताओं ने अपने विचार और एतराज खुलकर भूपेश बघेल के सामने रखे। अब यह सारा फीडबैक दिल्ली में हाईकमान के सामने रखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक के.सी. वेणुगोपाल को पंजाब की मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी, जिसके बाद हाईकमान अगले कदमों पर विचार करेगी। राहुल गांधी के साथ संभावित बैठक में भी पंजाब कांग्रेस के संगठनात्मक हालात और विवाद को खत्म करने के लिए संभावित रणनीति पर चर्चा हो सकती है।


