केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू गुरुवार को मोगा के थाना सदर पहुंचे, जहां बुधवार को ग्रेनेड फेंकने की घटना हुई थी। लेकिन पुलिस अधिकारियों ने उन्हें थाने के अंदर जाने से रोक लिया। हालांकि काफी गहमागहमी के बाद उन्हें थाने के अंदर जाने की इजाजत दे दी गई। इसके बाद फरीदकोट के एसएसपी ने केंद्रीय मंत्री को ग्रेनेड हमले के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर भगवंत मान सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि जब पुलिस थानों पर ही ग्रेनेड हमले होने लगे हैं, तो यह सरकार की नाकामी का बड़ा सबूत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक बन चुकी है और सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असफल रही है।
बिट्टू ने कहा कि पंजाब पुलिस के अधिकारी सक्षम हैं, लेकिन सरकार उनकी योग्यता का सही इस्तेमाल करने की बजाय पुलिस को सियासी मकसदों के लिए इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे हमलों के कारण पुलिस बल पर भी दबाव और डर का माहौल बन रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री होने के नाते भगवंत मान को इस मामले की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि सूबे में कई पुलिस थानों को निशाना बनाया जा चुका है, लेकिन दोषियों को काबू करने में सरकार नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और लोगों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरती रहेगी। बिट्टू ने मीडिया से भी अपील की कि वह लोगों के सामने सच्चाई को बेझिझक रखे।


