मानसा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक मां ने अपने तीन बच्चों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच के मुताबिक, महिला ने पहले अपनी दो बेटियों और एक बेटे को खाने में जहर मिलाकर दिया। जब वे बेहोश हो गए, तो उसने उनका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने कमरे में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली।
घटना के समय महिला घर में अकेली थी, जबकि उसकी सास किसी रिश्तेदार से मिलने गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार वालों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।पुलिस के मुताबिक, संदीप कौर (35) मानसा के वार्ड नंबर 3 में गुरुद्वारे के पास किराए के कमरे में रहती थी।
उसके तीन बच्चे थे – कालो (12), मोटो (7) और विश्वास (2)। उसके पति निक्का सिंह की पहले ही बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपनी सास और तीन बच्चों के साथ रह रही थी।पति की मौत के बाद घर की पूरी ज़िम्मेदारी संदीप कौर पर आ गई। वह दिहाड़ी मज़दूरी करके परिवार का गुज़ारा करती थी, लेकिन कम कमाई की वजह से घर का खर्च और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना उसके लिए बहुत मुश्किल हो गया था।
गुरुवार दोपहर को संदीप कौर तीनों बच्चों के साथ घर पर थी। उसकी सास किसी रिश्तेदार से मिलने गई थी। उसने घर का दरवाज़ा अंदर से बंद कर लिया और पहले बच्चों को खाने में ज़हर मिलाकर खिला दिया। जब ज़हर का असर हुआ तो बच्चे नींद आने की बात कहकर बिस्तर पर लेट गए। पुलिस के मुताबिक, जब बच्चे बेहोश हो गए तो संदीप कौर ने एक-एक करके तीनों का गला घोंट दिया।
जांच के मुताबिक, उसे डर था कि अगर कोई बच्चा बच गया तो उसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं होगा। पुलिस ने बताया कि तीनों बच्चों के गले पर निशान मिले हैं। रिश्तेदारों के बयान के मुताबिक, संदीप कौर दिहाड़ी मज़दूरी करने के बावजूद घर का खर्च नहीं चला पा रही थी और तीन बच्चों के साथ बूढ़ी सास की ज़िम्मेदारी के कारण बहुत मानसिक तनाव में थी। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।


