भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट लगभग पूरा होने वाला है, बस आखिरी 1 या 2 प्रतिशत कानूनी टेक्स्ट पर बातचीत चल रही है. राजनयिक मतभेदों की अफवाहों को खारिज करते हुए गोर ने सोमवार को घोषणा की कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौता पूरा होने की कगार पर है।
US-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) लीडरशिप समिट 2026 में प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए गोर ने दोनों देशों के रिश्तों को लेकर बहुत उम्मीदें जताईं. लगभग 18 महीनों से तैयार हो रहे ट्रेड एग्रीमेंट में हाल ही में अदालत के दखल के चलते प्रशासनिक देरी हुई थी। गोर ने संबंधित पक्षों को भरोसा दिलाया कि US ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव एंबेसडर जेमिसन ली ग्रीर की हालिया 2 दिवसीय दिल्ली यात्रा से इस मसले को सुलझाने में कामयाबी मिली है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अमेरिकी राजदूत ने बताया कि भारत में अमेरिकी मिशन ने अपने यूरोपीय समकक्षों को पीछे छोड़ते हुए अकेले इसी साल अमेरिका में 20.5 अरब डॉलर का भारी-भरकम नया निवेश लाने में मदद की है।उन्होंने आगे कहा कि हम डेढ़ साल से इस ट्रेड डील पर काम कर रहे हैं।यूरोपीय ट्रेड डील में 20 साल लगे थे. चाहे कुछ भी हो, जब तक हम यूरोपीय डील से बेहतर कर रहे हैं, मुझे लगता है कि हम अच्छी स्थिति में है।
वॉशिंगटन में डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई दो घंटे की प्राइवेट मीटिंग को लेकर गोर ने कहा कि राष्ट्रपति इस स्ट्रैटेजिक अलायंस को लेकर पूरी तरह कमिटेड हैं. भारत से जुड़ी उनकी यादें बहुत अच्छी हैं. उनकी पिछली यात्रा सबसे यादगार थी, जिसके बारे में वे आज भी बात करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि वे (ट्रंप) भारत को बहुत पसंद करते हैं और इसलिए मैं उम्मीद करता हूं कि किसी समय वो फिर से भारत आएंगे।


