नागरिक स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब के स्थानीय सरकारों के मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आज सुबह अचानक निरीक्षण के बाद नगर निगम कमिश्नर, मोगा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि निरीक्षण के दौरान शहर भर में सफाई और स्वच्छता में काफी कमी पाई गई थी।
आज मोगा शहर में निरीक्षण के दौरान हरजोत सिंह बैंस ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और शहर भर में खुले कूड़े वाली जगहों को देखा, जो मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के “मिशन क्लीन पंजाब” के तहत निर्धारित सफाई मानकों का सीधा उल्लंघन दर्शा रही थीं।स्थानीय सरकारों के मंत्री ने कहा, “सफाई में कोई भी कमी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आज मोगा में मेरे निरीक्षण ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पंजाब के लोग बेहतर और स्वच्छ वातावरण के हकदार है
तथा उल्लंघन करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।”उन्होंने जोर देते हुए कहा, “हम काम की निगरानी कर रहे हैं, खामियां पूरी की जा रही हैं और प्रयासों में तेजी लाई जा रही है। यही मिशन क्लीन पंजाब का मूल सिद्धांत है।”हरजोत सिंह बैंस इस महीने शुरू की गई तकनीकी-संचालित स्वच्छता मुहिम “मिशन क्लीन पंजाब” की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं।
इस पहल के तहत नगर निगम आयुक्तों से लेकर ई.ओ. तक सभी अधिकारियों द्वारा रोजाना सुबह 7 बजे से 8 बजे तक फील्ड दौरा करना अनिवार्य है। साथ ही हर अधिकारी की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित पर्यवेक्षी अधिकारी के अधीन हर शहर को 10-किलोमीटर के जोनों में बांटा गया है।


