खरड़ के वेस्टर्न टावर में पिछले 26 घंटे से एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) की टीम रेड कर रही है। रेड का टारगेट नितिन नाम का एक बिजनेसमैन है, जो इसी वेस्टर्न टावर में रहता है। रेड के दौरान फ्लैट के अंदर ED के पांच से सात अधिकारी मौजूद हैं। नितिन से कई अहम मामलों में पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि ED की रेड से ठीक पहले दावा किया जा रहा है कि नितिन के फ्लैट की बालकनी से नोटों से भरे बैग फेंके गए थे
; इन बैगों में 500 रुपये के नोटों के बंडल देखे गए थे। सुबह ED की टीम मोहाली के खरड़ में वेस्टर्न टावर्स सोसायटी में IT सेक्टर में काम करने वाले एक बिजनेसमैन के घर पहुंची। गिरफ्तारी के डर से उसने रेजिडेंशियल टावर की नौवीं मंजिल से कैश से भरे दो बैग फेंक दिए। हर बैग में 500 रुपये के नोटों के बंडल थे। उसका ड्राइवर नीचे खड़ा था। एक बैग गिरते ही फट गया, जिससे कुछ नोट हवा में उड़कर बिखर गए।
पास खड़े ड्राइवर ने एक बैग अपनी कार में रखा और भाग गया। ED टीम ने उसका पीछा किया लेकिन उसे पकड़ नहीं पाई। ED टीम ने फटा हुआ बैग ज़ब्त कर लिया, जिसमें 21 लाख रुपये थे। बैग डबल-पैक था, जिसमें लाल बैग एक सफ़ेद बैग के अंदर पैक था।ED सूत्रों ने आगे बताया कि मोहाली और चंडीगढ़ में 12 जगहों पर छापे मारे गए, जिसमें कई बिल्डर और हाउसिंग प्रोजेक्ट के साथ-साथ नितिन गोहल के ठिकाने भी शामिल हैं।


