मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज लुधियाना में टाटा स्टील के अत्याधुनिक, पर्यावरण अनुकूल ग्रीन स्टील प्लांट का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की धरती पर चाहे कोई रेहड़ी-पटरी वाला प्लांट लगाए या टाटा स्टील का प्लांट, यहां किसी को नुकसान नहीं होता। यह गुरुओं की धरती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब अब ग्रीन स्टील उत्पादन करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
सीएम मान ने टाटा के चेयरपर्सन एन. चंद्रशेखरन की खुल कर तारीफ की। जानकारी के अनुसार टाटा स्टील ने इस प्लांट में 3200 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे 2500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। यह देश में टाटा स्टील का दूसरा रीसाइक्लिंग आधारित ग्रीन स्टील प्लांट है। टाटा स्टील इस तरह की स्क्रैप आधारित तकनीक को भारत और विदेशों में बढ़ावा दे रही है।
हरियाणा के रोहतक में स्क्रैप प्रोसेसिंग यूनिट और यूरोप में डीकार्बोनाइजेशन प्रोजेक्ट इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।
दूसरी ओर, पंजाब सरकार भी इस प्लांट से अलग-अलग टैक्स के ज़रिए सालाना ₹200 से ₹300 करोड़ का रेवेन्यू कमाने वाली है। यह फैसिलिटी लुधियाना में हाई-टेक वैली के अंदर करीब 115 एकड़ ज़मीन पर बनाई गई है। इसकी सालाना प्रोडक्शन कैपेसिटी 0.75 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) होगी। यह प्लांट मुख्य रूप से कंस्ट्रक्शन सेक्टर के लिए TMT बार और दूसरे स्टील प्रोडक्ट बनाएगा।


