मोगा जिले के बाघापुराना हलके के पत्तो हीरा सिंह गांव में उस समय हंगामा मच गया जब अज्ञात हमलावरों ने गांव के मौजूदा सरपंच पर फायरिंग कर दी। इस हमले में सरपंच की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, हमलावर फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर आए थे। उन्होंने सरपंच पर लगातार फायरिंग की।
बताया जा रहा है कि इस दौरान करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग हुई, जिससे सरपंच गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के सीनियर अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मोगा के SSP ने खुद मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और पुलिस टीमों को जांच के आदेश दिए।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दोषियों की तलाश शुरू कर दी है। SSP ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। हालांकि, पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। इलाके में लगे CCTV कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि दोषियों तक जल्दी पहुंचा जा सके।


