जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं की वजह से पंजाब में ठंड काफी बढ़ गई है। आज यानी 14 जनवरी के लिए कोहरे और कोल्ड वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और यह हालात बने रहने की संभावना है। 18 और 19 जनवरी को कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक मिनिमम टेम्परेचर में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद टेम्परेचर धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। 15 जनवरी की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस वेस्टर्न हिमालयन रीजन को प्रभावित कर सकता है।
इसकी वजह से वहां के मौसम में बदलाव हो सकता है। 16 और 17 जनवरी को पहाड़ी इलाकों में मौसम ठीक रहने की संभावना है। 18 और 19 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद धूप खिलने लगेगी।


