जालंधर में गीजर से गैस लीक होने के कारण एक लड़की की जान चली गई।परिवार को इस बात का पता नहीं था। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई, तो उन्होंने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। इस घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई, हालांकि कुछ देर पहले तक उनके घर में उसके जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं।
प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि जब मुनमुन बाथरूम में नहा रही थी, तब गीजर की पाइप से गैस लीक हो गई, जिसके कारण उसका दम घुट गया और वह बेहोश हो गई। जब तक परिवार को पता चला कि क्या हुआ है, बहुत देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद लड़की का किशनपुरा श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पिता दीपक कंबोज ने बताया कि नए साल वाले दिन उनकी बेटी का जन्मदिन था, जिसके लिए घर में खास तैयारियां की जा रही थी। रिश्तेदारों और दोस्तों को बुलाने की योजनाएं थी, लेकिन किसी को क्या पता था कि ये खुशियां हमेशा के लिए मातम में बदल जाएंगी।


