मोहाली में सोमवार शाम को कबड्डी मैच के दौरान हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। सोहाना के सेक्टर-82 में एक टूर्नामेंट के दौरान कबड्डी प्रमोटर और खिलाड़ी राणा बलचौरिया की कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसकी जिम्मेदारी ली है।
गैंग का दावा है कि उन्होंने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मौत का बदला लेने के लिए यह हत्या की है। शूटरों की पहचान के बारे में एसएसपी ने बताया कि इस मर्डर केस में आदित्य कपूर और करण पाठक शामिल है,दोनों शूटर अमृतसर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि आदित्य कपूर पर 13 केस दर्ज हैं, जबकि करण पाठक पर 2 केस दर्ज है।चश्मदीदों के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब मैच लाइव चल रहा था। हमलावर एक बोलेरो गाड़ी और एक बाइक पर सवार होकर आए थे।
वे फैन बनकर सेल्फी लेने के बहाने राणा बलचौरिया के पास पहुंचे। जैसे ही राणा रुके, हमलावरों ने अपनी बंदूकें निकाल ली और उन पर फायरिंग कर दी। राणा के सिर और चेहरे पर करीब 4 से 5 गोलियां लगी। वहां मौजूद लोगों को पहले लगा कि पटाखे चल रहे है, लेकिन जब राणा ज़मीन पर गिरा तो भगदड़ मच गई।घायल राणा को तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल ने बयान जारी कर कहा कि उन्हें शाम 6:05 बजे लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने जांच करने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुख की बात यह है कि राणा बलाचौरिया की शादी अभी 10 दिन पहले ही हुई थी। पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख भी इस टूर्नामेंट में शामिल होने वाले थे, लेकिन उनके पहुंचने से करीब आधा घंटा पहले यह खूनी खेल हुआ।


