पंजाब में आए दिन गोलीबारी की घटनाओं ने हर किसी में खौफ पैदा किया हुआ है। एक ताजा मामला खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव भुल्लर में दोपहर करीब 2 बजे हुआ जहां पर एक किरयाना व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इस घटना के बाद हमलावर मौके से भागने में कामयाब हो गए। सदर तरनतारन थाने की पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए सदर तरनतारन थाने के हेड रंजीत सिंह ने बताया कि गांव भुल्लर के रहने वाले दलजीत सिंह (47) बेटे खजान सिंह गांव में किरयाना स्टोर चलाते है।
उन्होंने बताया कि जब वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तो मोटरसाइकिल पर आए दो अनजान लोगों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से उनकी दुकान के अंदर ही मौत हो गई। दलजीत सिंह के पिता पूर्व सरपंच है। उन्होंने बताया कि परिवार को कभी कोई धमकी या फिरौती का कॉल नहीं आया था। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।


