नीतीश कुमार ने आज बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। विधानसभा चुनाव में एनडीए की शानदार जीत के बाद पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इस समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ एनडीए शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम शामिल हुए।शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी भव्य की गई थी।
बिहार भर से लगभग 2-3 लाख मतदाता मौजूद रहे। गांधी मैदान में ठीक सुबह 11.30 बजे से शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू हो गया। इसके बाद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई। बुधवार को बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में बैठक हुई थी जिसमें नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया था।
इसके बाद नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपा था और सरकार बनाने का दावा पेश किया था। नीतीश कुमार के साथ 26 अन्य विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।नीतीश कुमार के इस्तीफे से पहले बुधवार को बैठकों का दौर चला। मुख्यमंत्री आवास में जेडीयू विधायक दल की बैठक हुई थी। इस बैठक में सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नेता चुना गया था।


