हरियाणा के फरीदाबाद जिले के एक मेडीकल कॉलेज से दो एके-47 राइफल और करीब 350 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया गया है।यह बरामदगी जम्मू कश्मीर पुलिस ने की है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मेडीकल कॉलेज मामले में गिरफ्तार दूसरे डॉक्टर की निशानदेही पर फरीदाबाद में यह कार्रवाई की है।
इससे पहले अनंतनाग के सरकारी मेडीकल कॉलेज में डा.आदिल के लॉकर से एक एके-47 राइफल बरामद की गई थी।आदिल की गिरफ्तारी के बाद एक दूसरे डॉक्टर को भी हिरासत में लिया गया ।पुलिस जांच की शुरुआत डा.आदिल नाम के डॉक्टर से हुई थी, जिन्हें कुछ दिन पहले श्रीनगर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाने के आरोप में सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया था।
डा. आदिल जम्मू-कश्मीर के सरकारी मेडीकल कॉलेज, अनंतनाग में रेजिडेंट डॉक्टर के तौर पर काम कर चुका था।गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उनके पुराने लॉकर की तलाशी ली, तो वहां से एक AK-47 राइफल बरामद हुई।डा. आदिल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अनंतनाग से एक और डॉक्टर को हिरासत में लिया।पूछताछ के दौरान इस डॉक्टर ने कुछ अहम जानकारियां दी, जिनके आधार पर पुलिस की टीम हरियाणा के फरीदाबाद पहुंची।
वहां एक और डॉक्टर के फ्लैट में छापा मारने पर दो AK-47 राइफलें और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया।सूत्रों के मुताबिक, इन तीनों डॉक्टरों के बीच लगातार संपर्क था और इनके तार दक्षिण कश्मीर के कुछ इलाकों से लेकर हरियाणा तक फैले हुए है।पिछले 3 दिनों से जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जा रहा है कि लगभग 500 जगहों पर छापे मारे जा चुके है जिनमें 30 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया है।इन सभी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचा जा सके।फरीदाबाद से विस्फोटक मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
एनआईए और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीमें भी इस जांच में शामिल हो गई है। बरामद हथियार और विस्फोटक को फॉरेंसिक टीमों ने जब्त कर लिया है और उनकी जांच चल रही है।


