युगांडा में बुधवार को एक भयानक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 63 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा गुलु शहर जाने वाले हाईवे पर हुआ, जहां दो बसें और दो अन्य गाड़ियां आपस में टकरा गई। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा तड़के सुबह हुआ और इसे पूर्वी अफ्रीकी देश में हाल के सालों में हुए सबसे भयावह सड़क हादसों में से एक माना जा रहा है।
इस भयानक टक्कर में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।पुलिस ने इस हादसे का कारण लापरवाही से किया गया ओवरटेक बताया है। पुलिस के अनुसार, विपरीत दिशाओं से आ रही दो बस चालकों ने एक ही समय पर दूसरी गाड़ियों को ओवरटेक (overtake) करने की कोशिश की। इसी दौरान, किरयांडोंगो शहर के पास ये चारों गाड़ियां आपस में टकरा गई, जिसके चलते यह हादसा हो गया।
यह हादसा 22 अक्तूबर 2025 को करीब 12:15 बजे रात में किटालेबा गांव के पास, आसिली फार्म के नजदीक कैंपाला-गुलु हाईवे पर हुआ। इसमें शामिल वाहनों में दो इशुजु बसें (नाइल स्टार कोचेज की UBF 614X और प्लैनेट कंपनी की UAM 045V), एक टोयोटा सर्फ (CGO 5132AB 07) और एक टाटा लॉरी (UBK 647C) थी।
हालांकि, शुरुआती आंकड़ों में 63 मौतें बताई गईं, लेकिन बाद में कुछ रिपोर्टों में इसे 46 तक संशोधित किया गया, क्योंकि कुछ बेहोश लोगों को जीवित पाया गया। फिर भी, यह हादसा युगांडा के इतिहास के सबसे घातक सड़क दुर्घटनाओं में शुमार है। युगांडा पुलिस ने ड्राइवरों से सावधानी बरतने और गति सीमा का पालन करने की अपील की है।


