Monday, April 27, 2026

Google search engine
Homeइंटरनेशनलइजराइल और हमास ने शांति योजना के पहले चरण पर सहमति जताते...

इजराइल और हमास ने शांति योजना के पहले चरण पर सहमति जताते हुए हस्ताक्षर किए ,बेंजामिन नेतन्याहू ने “इजराइल के लिए एक महान दिन बताया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इजराइल और हमास ने अमेरिका की मध्यस्थता वाली शांति योजना के पहले चरण पर सहमति जताते हुए हस्ताक्षर कर दिए हैं। इस समझौते का ऐलान करते हुए ट्रंप ने इसे “एक मजबूत, स्थायी और शाश्वत शांति की दिशा में पहला कदम” बताया है।

समझौता हमास द्वारा इजराइल पर किए गए हमले के बाद शुरू हुए संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में अब तक की सबसे बड़ी प्रगति मानी जा रही है। इस युद्ध में अब तक 67,000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है और गाजा का अधिकांश हिस्सा तबाह हो गया है।यह समझौता मिस्र में कई दिनों तक चली गहन बातचीत के बाद संभव हुआ है, जिसमें कतर और तुर्की ने भी अहम भूमिका निभाई।

इस समझौते के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं: हमास इस सप्ताहांत तक 20 जीवित इजराइली बंधकों को रिहा करेगा। इसके बदले में इजराइल भी फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। इजराइली सेना गाजा पट्टी के अधिकांश हिस्सों से पीछे हटना शुरू करेगी। दोनों पक्षों के बीच लड़ाई तत्काल प्रभाव से रुक जाएगी।

गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए पांच क्रॉसिंग तुरंत खोले जाएंगे, ताकि जरूरतमंदों तक मदद पहुंच सके।राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर इसकी घोषणा करते हुए कहा, “मुझे यह ऐलान करते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि इजराइल और हमास दोनों ने हमारे पीस प्लान के पहले चरण पर साइन कर दिए हैं। यह अरब और मुस्लिम जगत, इजराइल और अमेरिका के लिए एक महान दिन है।”

उन्होंने मध्यस्थता करने वाले देशों कतर, मिस्र और तुर्की का भी आभार व्यक्त किया।वहीं, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे “इजराइल के लिए एक महान दिन” बताते हुए कहा कि वह इस समझौते को मंजूरी देने और सभी बंधकों को वापस लाने के लिए अपनी सरकार की बैठक बुलाएंगे। उन्होंने इस सफलता का श्रेय IDF के वीर सैनिकों, सुरक्षा बलों और राष्ट्रपति ट्रंप के अथक प्रयासों को दिया। नेतन्याहू ने कहा, “ईश्वर की कृपा से, हम मिलकर अपने सभी लक्ष्यों को प्राप्त करते रहेंगे।

“संयुक्त राष्ट्र और कई स्वतंत्र विशेषज्ञों के अनुसार, गाजा में इस्राइल की सैन्य कार्रवाई को नरसंहार का रूप माना जा रहा है, जबकि इस्राइल इसे खारिज करता है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक अब तक 67,000 से अधिक फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है और लगभग 1,70,000 लोग घायल हुए है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments